Weather Updates : पिछले कुछ समय से देश के अलग-अलग हिस्सों खासकर उत्तर भारत में भयंकर गर्मी पड़ी है। लेकिन अब मौसम विभाग ने राहत की जानकारी देते हुए बताया कि गर्मी से परेशान करने वाले राज्यों में अब जल्द ही राहत मिलने वाली है। इसके अलावा राजस्थान, दिल्ली, पंजाब सहित कुछ राज्यों में बारिश होने की संभावना है। मौसम बदलने के साथ तेज हवाएं और आंधी भी चलेगी। मौसम विभाग के अनुसार अगले दो-तीन दिनों में तापमान में आंशिक गिरावट आएगी। मौसम विभाग के मुताबिक हरियाणा, दिल्ली, चंडीगढ़ और पंजाब जैसे राज्यों में 3 और 4 मई को तेज आंधी के साथ बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा राजस्थान के कुछ इलाकों में आंधी चलने की संभावनाएं हैं।
Weather Updates : इन इलाकों में बारिश का अनुमान
मौसम विभाग के अनुसार दक्षिण अंडमान सागर में 5 मई के आसपास न्यूनतम दबाव का क्षेत्र बनेगा। इसके चलते उत्तर पूर्वी इलाकों में 4 मई के आसपास बारिश हो सकती है असम, नागालैंड, मेघालय, मिजोरम, त्रिपुरा, मणिपुर में भारी बरसात का पूर्वानुमान है। इसके अलावा अगले दो दिनों में हिमाचल प्रदेश, उत्तराखंड, जम्मू और कश्मीर, लद्दाख में मेघ गर्जन के साथ बिजली गिरने के साथ हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इसके अलावा 3 मई को जम्मू कश्मीर और 4 मई को उत्तराखंड और हिमाचल प्रदेश के अलग-अलग इलाकों में ओलावृष्टि भी हो सकती है।
Weather Updates : तीन से चार डिग्री होगी तापमान में कमी
अगले 3 दिनों में अधिकतम तापमान में तीन से 4 डिग्री तक गिरावट आने की संभावना है। पंजाब, हरियाणा, चंडीगढ़ में तीनों दिन हल्की बारिश के साथ 40 से 50 किलोमीटर प्रति घंटे की रफ्तार से हवाएं चलेंगी। लेकिन अब भी कई जगहों पर तापमान अधिक है। बीते दिनों हरियाणा के नारनौल में अधिकतम तापमान 44.5 डिग्री सेल्सियस, हिसार में 43.8 डिग्री, फतेहाबाद में 42.2 डिग्री और रोहतक में 42.6 डिग्री तापमान दर्ज किया गया।
यूपी में हुई हल्की बारिश
भारतीय मौसम विभाग के अनुसार उत्तर प्रदेश के कुछ इलाकों में हल्की गरज के साथ बारिश हुई। उत्तर प्रदेश के अलग-अलग हिस्सों में हीटवेव की संभावना बनी हुई है। गरज और धूल भरी आंधी के साथ तेज रफ्तार की हवाएं चली। इसके अलावा उत्तर प्रदेश में 4 और 5 मई को भी कुछ इलाकों में हल्की बारिश होने की संभावना है।