UP Weather : उत्तर प्रदेश के उन लोगों के लिए अच्छी खबर है जो गर्मी और उमस से परेशान हैं। दक्षिणी पश्चिमी मानसून ने सोनभद्र के रास्ते उत्तर प्रदेश में प्रवेश कर लिया है। सोमवार को सोनभद्र और बलिया में मानसून की पहली बरसात हुई। इसके साथ ही पूर्वी उत्तर प्रदेश के जिलों का मौसम भी बदल गया है। पूरे उत्तर प्रदेश के तापमान में गिरावट नजर आई है। राज्य का अधिकतम तापमान 38 डिग्री सेल्सियस के नीचे आ गया है। इसके अलावा कई जिलों में तापमान सामान्य से नीचे दर्ज किया गया।
मौसम विभाग ने दी सूचना:- मौसम विभाग का पूर्वानुमान था कि उत्तर प्रदेश में 17 या 18 जून तक मानसून प्रवेश कर लेगा। बिहार में आए मानसून को जब स्थानीय कारकों का साथ मिला तो उसने गति पकड़ ली। उसने राज्य के दक्षिणी पूर्वी इलाके में प्रवेश किया। मानसून की गति कम होने से सोनभद्र, चुर्क, रोबेर्टसगंज, शक्तिनगर में मामूली बारिश हुई और बलिया में 11 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। वहीं झांसी में स्थानीय कारकों के कारण 4 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई। जबकि रविवार को झांसी में 40 मिलीमीटर बरसात दर्ज की गई थी।
UP Weather : लखनऊ को करना पड़ेगा इंतजार
मौसम विभाग लखनऊ के निदेशक जेपी गुप्ता ने बताया कि उत्तर प्रदेश में बहुप्रतीक्षित मानसून ने दस्तक दे दी। चूंकि इसकी प्रबलता अभी कम है, ऐसे में पूर्वी उत्तर प्रदेश में जबरदस्त बारिश के लिए दो-चार दिन और इंतजार करना पड़ेगा। मौसम विभाग के अनुसार लखनऊ में मानसून की एंट्री के लिए कम से कम 5 दिन और इंतजार करना पड़ेगा। लेकिन बादलों की आवाजाही के कारण गर्मी कम है।
पूरे उत्तर प्रदेश राज्य में उमस बरकरार है। लखनऊ मौसम विभाग के अनुसार राज्य में कहीं भी तापमान 40 डिग्री सेल्सियस के ऊपर नहीं है। झांसी, आगरा, अलीगढ़ जैसे जिलों में अधिकतम तापमान सामान्य से 4 डिग्री कम दर्ज किया गया। दूसरी तरफ मुजफ्फरनगर और मेरठ का तापमान 33 डिग्री सेल्सियस से भी कम दर्ज किया गया।